अजुहा में हादसे के बाद बॉक्स से कैरेट में रखे जा रहे मुर्गी के चूजे-संवाद
अजुहा। कस्बे में शुक्रवार रात हाईवे किनारे मुर्गी का चूजा लादकर खड़ी पिकअप को बेकाबू ट्रॉला ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिकअप क्षतिग्रस्त होने के साथ ही चालक और खलासी जख्मी हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पिकअप में लदे चूजों की मौत हो गई।
प्रयागराज जनपद के करछना मुगरी निवासी सूरज सिंह शुक्रवार को पिकअप में प्रयागराज से 200 बॉक्स मुर्गी के चूजे लादकर अपने पड़ोस में रहने वाले खलासी शनि सिंह के साथ फतेहपुर जा रहा था। रात 10 बजे पिकअप चालक जैसे ही सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे पहुंचा, तभी ढाबा के पास हाईवे किनारे पिकअप खड़ी कर दिया।
इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्राॅला ने खड़ी पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे में चालक सूरज सिंह व खलासी सनी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल चालक और खलासी को सीएचसी सिराथू पहुंचाया।
हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पिकअप मालिक अमित तिवारी ने बताया कि गाड़ी में लदे 100 बॉक्स मुर्गी के चूजों की मौत हो गई है। इससे तकरीबन डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने चालक को पकड़कर ट्राॅला कब्जे में ले लिया है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
सिराथू। पइंसा थाना के कैंमा गांव के समीप शनिवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक जख्मी हो गया। मंझनपुर कोतवाली के चकनारा गांव निवासी अमन सोनकर (32) शनिवार सुबह आठ बजे बाइक से सैनी मंडी में सब्जी लेने जा रहा था। कैंमा गांव के समीप अचानक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जख्मी अमन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।