टेवां स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी का अभ्यास करते खिलाड़ी। संवाद
जिला खेल कार्यालय ने प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी, सब जूनियर बालक कबड्डी, जूनियर बालिका कबड्डी और सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिताओं के लिए ट्रायल की तिथि जारी की है। चयन प्रक्रिया मंगलवार से तीन अक्तूबर तक चलेगी। उपक्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है।
जिला उपक्रीड़ाधिकारी ने बताया कि सब जूनियर बालक कबड्डी और सीनियर पुरुष कबड्डी का जिला स्तरीय ट्रायल मंगलवार को सुबह 11 बजे टेवां स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। दोनों वर्गों का मंडल स्तरीय ट्रायल 30 सितंबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में होगा। सब जूनियर कबड्डी का ट्रायल सुबह 10 बजे और सीनियर पुरुष कबड्डी का दोपहर दो बजे होगा।
वहीं, जूनियर बालिका कबड्डी और जूनियर बालिका हॉकी का जिला स्तरीय ट्रायल 30 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जूनियर बालिका हॉकी का मंडल स्तरीय ट्रायल एक अक्तूबर को दोपहर तीन बजे और जूनियर बालिका कबड्डी का तीन अक्तूबर को सुबह 10 बजे प्रयागराज में होगा। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाएंगे।
वहीं, जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता चार से नौ अक्तूबर तक मऊ, सब-जूनियर बालक कबड्डी सात से नौ अक्तूबर तक आजमगढ़ और सीनियर पुरुष कबड्डी आठ से 10 अक्तूबर तक गोरखपुर में होगी। जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 15 से 17 अक्तूबर तक आयोजित होगी।
ट्रायल में भाग लेने वाले सब जूनियर खिलाड़ियों की जन्मतिथि एक जनवरी 2011 के बाद और जूनियर खिलाड़ियों की एक जनवरी 2007 के बाद होनी चाहिए। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, स्कूल बोनाफाइड, पता प्रमाणपत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।