भरवारी। नगर क्षेत्र के वार्ड-16 देहदानी डॉ. राजेंद्र नगर के गौरा मोहल्ले में बृहस्पतिवार की रात शार्ट सर्किट से ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। लोगों ने मिट्टी और बालू फेंककर किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद से ट्रांसफॉर्मर फुंकने के कारण 200 घरों की बिजली पूरी रात गुल रही। सुबह बिजली नहीं आने पर पानी का संकट बना रहा।
गौरा मोहल्ले में 400 केवीए के ट्रांसफॉर्मर में बृहस्पतिवार देर रात तेल रिसाव के चलते शार्ट सर्किट से आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने नजदीकी विद्युत सब स्टेशन को सूचना दी। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिजली सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद लोगों की मदद से बालू, मिट्टी फेंककर किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं पूरी केबल जलने की वजह से गौरा मोहल्ले की सप्लाई रात भर के लिए बंद कर दी गई। इसके चलते तकरीबन 200 घरों के लोग पूरी रात उमसभरी गर्मी से बेहाल रहे। सुबह होने पर बिजली नहीं आई तो पानी का संकट पैदा हो गया।
सुबह बिजली कर्मचारियों को भेज कर लाइन ठीक कराई गई। दोपहर 11 बजे तक सप्लाई चालू कर दी गई। - एनएल यादव, अवर अभियंता