समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देतीं शेफाली यादव। स्रोत: स्वयं
क्षेत्र के समदा चौराहा स्थित प्रेम सदन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत समूह सखियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवासीय प्रशिक्षण दिया रहा है। तीन चरणों में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को समूह सखी के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रत्येक चरण में 44 महिलाओं को शामिल किया गया है। पहला बैच चार दिवसीय प्रशिक्षण पूरा कर चुका है, जबकि दूसरे बैच का प्रशिक्षण जारी है। बृहस्पतिवार को तीसरे बैच की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम दिव्यांशु सिंह ने बताया कि सात से आठ स्वयं सहायता समूहों के बीच एक समूह सखी की नियुक्ति की जाती है। समूह सखी समूहों का लेखा-जोखा रखने, बैठकों का संचालन कराने और योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने का कार्य करती हैं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को कार्य योजना, रिकॉर्ड संधारण, समूह संचालन और फील्ड में जिम्मेदारियों के निर्वहन की जानकारी दी जा रही है, ताकी वे गांव स्तर पर बेहतर तरीके से कार्य कर सकें। प्रशिक्षण के लिए कानपुर नगर से शेफाली यादव को प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है।