सावन के पहले सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए वन-वे हुए कानपुर प्रयागराज राष्ट्रीय राज्य मार्ग सहित लेहदरी मार्ग में दिनभर जाम का झाम रहा। कनवार बॉर्डर से अटसरांय के बीच करीब आठ किलोमीटर लंबे जाम में फंसे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। इस मार्ग पर वाहनों की कतार लगी रही।
सावन माह के पहले सोमवार को वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम जलाभिषेक के लिए लाखों कांवड़ यात्री और श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बडे वाहनों को रोकने लिए एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर रविवार रात से ही कानपुर-प्रयागराज हाईवे में कनवार बाॅर्डर से आवागमन वन-वे कर दिया गया था। साथ ही सैनी में बैरीकेडिंग लगाकर वाहनों को सर्विसलेन से लेहदरी मार्ग होते हुए लखनऊ-प्रतापगढ़ हाईवे के लिए रूट डायवर्जन किया गया था।
इस वजह से सुबह से ही हाईवे में अजुहा से अटसरांय चौराहे तक आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसके अलावा लेहदरी मार्ग में चौड़ीकरण को लेकर चल रहे काम के चलते आवागमन प्रभावित रहा। वही, बुंदेलखंड से लखनऊ के लिए धाता-सिराथू के रास्ते लेहदरी मार्ग में जाम की समस्या के चलते राहगीरों को परेशान होना पडा।
सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी, सैनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ हाईवे का जाम हटवाने में जुटे रहे। हालांकि, छोटे वाहनों और रोडवेज बसों के आवागमन को लेकर एक लेन व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके बाद भी फतेहपुर-प्रयागराज के यात्रियों को जाम से जूझना पड़ा।
एसपी राजेश कुमार ने कोखराज के सकाढ़ा व सैनी में रूट डायवर्जन का निरीक्षण कर ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया।
रास्ते की जानकारी के अभाव में भटकते रहे ट्रक चालक
सैनी से प्रतापगढ़ हाईवे में रूट डायवर्जन होने बाद बाहरी प्रांतों के वाहन चालक रास्ते की जानकारी के अभाव में भटकते रहे। चालकों को सड़क किनारे होटल, ढाबा, चाय-पान आदि की दुकानों पर गाड़ी खड़ी कर लोगों से रास्ता पूछते देखा गया।
गलत साइड निकलने पर होता रहा विवाद
कस्बे के भोला चौराहे पर कानपुर की तरफ से बड़े व छोटे वाहन चौराहे से गलत साइड से निकलने के चक्कर में अजुहा कस्बे के दोनों लेन पर सोमवार शाम चार बजे से जाम लग गया। खागा से सिराथू फीजियोथेरेपी कराने जा रहे करन सिंह जाम में फंसे रहे। राहगीरों से गाड़ी निकालने के चक्कर में विवाद होता रहा। इस दौरान भोला चौराहे पर कोई भी पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी । देर रात तक जाम की समस्या बनी रही। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया बड़े वाहनों को सैनी चौराहे से लेहदरी रोड पर डायवर्जन करने के कारण बड़े वाहन चालक लेहदरी की तरफ से नही जाना चाहते थे। इस कारण उन्हें रोक दिया गया था।
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए सैनी में नेशनल हाईवे पर किए गए वन-वे से लगा जाम-संवाद
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए सैनी में नेशनल हाईवे पर किए गए वन-वे से लगा जाम-संवाद