ट्रैक्टर ट्राली से गिरकर सोमवार की रात सिरसी गांव के रहने वाले भट्ठा
मजदूर दिलीप कुमार की मौत हो गई। हादसा सोमवार की रात कोइलहा गांव के समीप
हुआ। मजदूर की मौत के बाद चालक शव को उसके घर पर छोड़कर भाग निकला। परिजनों
की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने
मृतक के पिता की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना की तफ्तीश की जा रही है। मजदूर की मौत से
घर में मातम पसरा है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी
अदालती प्रसाद ईंट भट्ठा में पथाई का काम करता है। उसका बेटा दिलीप कुमार
(26) भी भट्ठे में मजदूरी करता है। अदालती ने बताया कि सोमवार की शाम ईंट
लदी ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर वह ईंट उतारने के लिए गया था। बताया जाता है
कि कोइलहा गांव के समीप अचानक दिलीप ट्रैक्टर ट्राली से गिरकर पहिया के
नीचे आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। दिलीप की मौत के बाद ट्रैक्टर चालक शव को
उसके घर के समीप छोड़कर भाग निकला। रात घर के लोग जब बाहर निकले, तो शव
देख उनके होश उड़ गए। घर-परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के रोने-बिलखने
पर गांववालों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के पिता अदालती
प्रसाद की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली
है। उधर हादसे के बाद से ट्रैक्टर चालक घर छोड़कर फरार है।
पिपरी के पेरई गांव की रहने वाली निराशा देवी की शादी सालभर पहले ही सिरसी
के दिलीप कुमार के साथ हुई थी। सोमवार की रात हादसे से निराशा की जिंदगी
वीरान हो गई। बता दें कि अभी 8 दिन पहले ही निराशा मां बनी थी। उसने बेटे
को जन्म दिया था। घर में चांद का बेटा पैदा होने से पूरा परिवार खुश था।
पर, किसी को क्या मालूम कि खुशी की यह घड़ियां पर चंद दिनों की मेहमान हैं।
पति की दरवाजे पर पड़ी लाश देख निराशा देवी कुछ देर तक बिलखती रही, फिर वह
बेसुध हो गई। उसकी हालत देख गांव की अन्य महिलाएं भी अपने आंसू नहीं रोक
पा रही थीं।