मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके की एक युवती ने शनिवार शाम मोबाइल टॉवर से कूदने की चेतावनी देकर हड़कंप मचा दिया। प्रेमी के शादी नहीं करने पर उसने आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची तो वह सामने नहीं आई।
युवती ने यूपी-100 कंट्रोल रूम को फोन करके बताया कि पड़ोसी युवक से प्रेम करती है। प्रेमी शारीरिक संबंध भी बना चुका है। अब उसी से शादी करना चाहती है, लेकिन वह शादी के लिए राजी नहीं है। इसलिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ी हु़ई हूं। शादी नहीं हुई तो कूदकर जान दे देगी। युवती का फोन कटते ही पुलिस महकमे का वायरलेस घनघनाने लगा। कंट्रोल रूम के निर्देश पर डॉयल-100 पुलिस आननफानन मौके पर पहुंच गई। पहुंचने के बाद दरोगा ने युवती के मोबाइल नंबर पर संपर्क करना चाहा तो वह बंद था। युवती ने अपने घर का सटीक पता नहीं बताया था। इसलिए पुलिस उसके पास नहीं पहुंच सकी। वहीं मोहल्ले के लोगों का कहना है कि युवती पुलिस के सामने तो नहीं गई, लेकिन वहीं कुछ दूर पर स्थित एक कपड़े की दुकान पर खड़ी होकर सबकुछ देख रही थी। लड़की का मामला होने की वजह से किसी ने पुलिस को यह बात नहीं बताई।