सैनी के गुलामीपुर गनपा गांव में कैंसर से तंग आकर पीड़ित ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद कानूनी औपचारिकता पूरी की। गुलामीपुर गनपा निवासी 36 वर्षीय राजकुमार मजदूरी करते थे। पत्नी विजमा देवी ने बताया कि तीन साल पहले वह मुंह के कैंसर से पीड़ित हो गए। उनका इलाज प्रयागराज में कराया जा रहा था।
विजमा ने बताया कि शनिवार को वह खेत की तरफ गई थी। पति घर पर अकेले थे। शाम को वह वापस लौटी तो पति घर में नहीं मिले। उनकी तलाश करते हुए वह घर के पीछे गईं तो नीम के पेड़ में रस्सी के फंदे से राजकुमार को लटका देख चीखते हुए रोने लगीं। रोने-चीखने की आवाज सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पेड़ से राजकुमार के शरीर को नीचे उतारा। पुलिस ने बताया कि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में पत्नी ने खुदकुशी की आशंका जताई है।