मंझनपुर। एनडी स्कूल भरवारी में शुक्रवार को सेमीनार का आयोजन करके छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा की तैयारी की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बच्चों को परीक्षाकाल के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और अच्छे अंक हासिल करने का हुनर बताया गया।
भरवारी स्थित एनडी स्कूल में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के मद्देनजर शुक्रवार को हुए सेमीनार में स्कूल प्रबंधक संजय गुप्ता ने कहा कि 10 वीं और 12 वीं की पढ़ाई में की गई मेहनत ही भावी जीवन की रूपरेखा तय करती है। कहा कि पढ़ाई का यही चार बरस सफलता का मुकाम दिलाता है। उन्होंने बोर्ड परीक्षा देने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को इस एक महीने में पूरी लगन से पढ़ने का गुरुमंत्र दिया।
कहा कि स्पष्ट शब्दों में प्रश्नों का उत्तर लिखना चाहिए। तभी परीक्षा में अधिक अंक हासिल किया जा सकता है। वहीं शिक्षिका गरिमा कुशवाहा ने छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट के बाद के कोर्सों की जानकारी दी। बताया कि बीए, बीएससी, बीटेक के अलावा छात्र-छात्राएं अपनी रुचि के मुताबिक इंटीरियर डिजाइनिंग, एनीमेशन, इवेंट मैनेजमेंट, आफिस मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट, एक्टिंग, बी-फार्मा जैसे तमाम रोजगारपरक कोर्स में भी दाखिला लेकर अपना कैरियर संवार सकते हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य जीतेंद्र प्रताप सिंह, कोआर्डिनेटर विष्णु पांडेय, रंजीत सिंह, विजय यादव, आनंद मिश्र आदि मौजूद रहे।