सिराथू। नगर पंचायत ने सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान नगर पंचायत के समीप सड़क किनारे एक महिला का घर गिराए जाने को लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
कस्बाइयों ने नगर पंचायत प्रशासन पर अतिक्रमण अभियान भी साजिश के तहत और पक्षपातपूर्ण चलाने का आरोप लगाया। लोगों का गुस्सा देख जेसीबी लेकर नगर पंचायत के अफसर सैनी मार्ग पर जाकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया।
सिराथू कस्बे के सभी मार्गों पर जबरदस्त अतिक्रमण है। सड़क दायरे की जमीन पर कब्जा करके लोगों ने निर्माण भी कर लिया है। साथ ही सुबह होते ही सड़क पटरी तक दुकानें सजा ली जाती हैं।
इससे कस्बे से वाहन लेकर लोगों का निकलना मुश्किल होता है। अक्सर लोग जाम की समस्या से जूझते रहते हैं। इसी समस्या से निजात के लिए सोमवार को नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी लालचंद्र मौर्या विभागीय कमचारियों और पुलिस फोर्स के साथ जेसीबी लेकर निकले। बताया जाता है
अभियान की शुरूआत किसी किनारे से शुरू करने के बजाय नगर पंचायत कार्यालय के समीप बने कमला देवी के घर को ही जेसीबी लगाकर गिराया जाने लगा। यह देखते ही स्थानीय लोग जुट गए। कस्बाइयों ने नगर पंचायत के अफसरों पर पक्षपात तरीके से अतिक्रमण हटवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों का गुस्सा देख ईओ जेसीबी लेकर वहां से सैनी रोड पहुंचे और वहां सड़क दायरे में मिले कब्जे का हटवाना शुरू किया। इस दौरान भी लोगों का आरोप है कि प्रभावशाली लोगोें की दुकान, मकान पर जेसीबी नहीं चलाई गई। लोगों ने आरोप लगाया कि जब नगर पंचायत के अफसर नाली को खाली करा रहे थे, तो एसबीआई का जनरेटर को नाली की पटरी पर रखा है। उसे क्यों नहीं हटवाया गया। मामले में नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि पूरे कस्बे को अतिक्रमण कराया जाएगा।