सिराथू। शुक्रवार को टप्पेबाज दो युवक एसबीआई की शाखा से पैसा निकालने गई एक महिला के हाथ से 80 हजार रुपये झटककर पर फरार हो गए। महिला का कहना है कि दोनों युवक बैंक के अंदर से उसके साथ ही बाहर आए थे।
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के हब्बूनगर निवासी कमला देवी पत्नी लल्लू का कहना है कि शुक्रवार को वह अपने बेटे विकास के साथ सिराथू स्टेट बैंक से 80 हजार रुपये निकालने गई थी। दोपहर दो बजे बैंक के अंदर उसे दो युवक मिले। उन्होंने पैसा निकालने के लिए फार्म भरने में मदद भी की थी। बाहर निकलने पर साथ बाहर आए युवकों ने उसके साथ में कपड़े में लिपटा एक मोटा पैकेट यह कहते हुए थमा दिया कि ये दो लाख रुपये है। इसे आप संभाले रहें। आप हमें अपना 80 हजार रुपये दे दें, एक पार्टी को भुगतान देकर फौरन आते हैं।
महिला का कहना है कि जब तक वह कुछ सोंचती इससे पहले दोनों बाइक पर सवार होकर निकल गए। पीड़िता का कहना है कि काफी इंतजार के बाद वे वापस नहीं आए तो उसे आशंका हुई। उसने बंडल खोल कर देखा तो उसमें रुपये के बजाए कागज की गड्डी रखी हुई थी। पीड़िता ने बेटे के साथ सैनी कोतवाली जाकर घटना की शिकायत की। सैनी कोतवाल पीके सिंह का कहना है कि एक युवक इस तरह की कोई सूचना देने आया था। पर, कोई तहरीर नहीं दी है।
प्रधानमंत्री आवास के नाम पर 35 सौ रुपये की जालसाजी
मंझनपुर। नेवादा के रेही निवासी शुभम कुमार पुत्र सिपाही लाल ने पिपरी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उसके मोबाइल पर एक अजनबी नम्बर से फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने खुद को प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ा कर्मचारी बताया। इतना ही नहीं जालसाज ने युवक को बताया कि उसके पिता सिपाही लाल के नाम से प्रधानमंत्री आवास दिया गया है। और यदि वह उसके खाते में पैसा नहीं डालेगा तो उसको योजना से वंचित कर दिया जाएगा। इस पर युवक ने बैंक शाखा जाकर बताए गए खाते में 35 सौ रुपये जमा कर दिया। इसके बाद जब युवक ने फोन करने वाले शख्स से सम्पर्क करने की कोशिश किया तो उसका मोबाइल बंद हो गया। शिकायत पिपरी पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बुजुर्ग का 50 हजार हजम कर गया ग्राहक सेवा केंद्र संचालक
अजुहा। सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बा निवासी एक बुजुर्ग के 50 हजार रुपये ग्राहक सेवा केंद्र का संचालक हजम कर गया। बीमार होने पर इलाज के लिए पैसा निकालने गए बुजुर्ग को घटना की जानकारी हुई तो उसने तहरीर पुलिस को दिया।
पुलिस को दी गई तहरीर में अजुहा कस्बे के मढिय़ामई निवासी जंगबहादुर का कहना है कि उसने एसबीआई के स्थानीय ग्राहक सेवा केंद्र पर तीन किस्तों में 55 हजार रुपये जमा किया था। लॉकडाउन के दौरान वह पैसा निकालने गया तो केंद्र संचालक ने रुपयों का अभाव बताकर लौटा दिया। इधर बीच वह बीमार हुआ तो इलाज के लिए दोबारा ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचा। इस बार भी संचालक ने उसे बहाने से टरका दिया।
दूसरे केंद्र पर जाने के बाद पता चला कि उसके खाते में सिर्फ पांच हजार रुपये ही जमा हैं। आरोप है कि तकादा करने पर दबंग संचालक तमंचा दिखाकर गाली-गलौचकर उसे भगा दिया। इस बाबत चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नकब लगाकर चोरी का किया प्रयास
कुम्हियावां। सदर कोतवाली के भरसवां गांव निवासी सरयू प्रसाद पुत्र कुंजबिहारी मौर्य के घर में बृहस्पतिवार की रात चोरी का प्रयास किया गया। चेार घर की दीवार में सेंध काट रहे थे कि आहट सुन परिजन जाग गए। जगहट होने पर परिजनों ने शोर मचाया तो चोर भाग गए। ग्रामीणों ने पीछा किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।