मंझनपुर तहसील के भवनसुरी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से तीन महिलाएं झुलस गईं। एंबुलेंस की मदद से सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर है।
बृहस्पतिवार दोपहर में गरज चमक के साथ हो रही बूंदाबांदी के बाद हुई बारिश के दौरान बहुत तेज आवाज और धमाके के साथ बिजली कड़की ही नहीं, कई महिलाओं पर आफत बनकर गिरी।
भवनसुरी गांव की सुनीता देवी (40 )पत्नी रमेश निषाद, गुड़िया देवी (38) पत्नी कमलेश निषाद और सविता देवी(24) पत्नी धनराज बिजली गिरी तो चपेट में आ गईं। वे रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को खेतों में काम करने गई थीं।
परिजनों ने बताया कि दाेपहर में मौसम खराब देख तीनों महिलाएं खेत से घर के लिए निकलीं।आबादी के नजदीक पहुंचते ही अचानक गरज के साथ बारिश होने लगी तो तीनों महिलाएं महुआ के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं।
इसी बीच तेज आवाज और धमाके के साथ महुआ के पेड़ पर बिजली गिर गई। चपेट में आने से पेड़ के नीचे खड़ी तीनों महिलाएं झुलसकर बेहोश हो गईं। थोड़ी दूर पर मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर तीनों को उठाकर घर पहुंचाया और सूचना एंबुलेंस को दी।
सूचना के बाद पहुंची दो एंबुलेंस से तीनों महिलाओं को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां, सभी का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक गुड़िया देवी और सुनीता की हालत गंभीर है। वहीं, सविता देवी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।