कोखराज इलाके के एक गांव में बुधवार सुबह हैंडपंप पर पानी भरने गई एक किशोरी के साथ गांव के एक वर्ग विशेष के तीन लोगों ने छेड़खानी और अगवा करने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर गांव के लोगों का आक्रोश देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। घटना को लेकर गांव में तनाव है। पुलिस ने शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इलाके के एक गांव में रहने वाली एक किशोरी बुधवार की सुबह हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। आरोप है कि इस दौरान एक वर्ग विशेष के तीन युवक पहुंचे और किशोरी को अकेला देख छेड़खानी करने लगे। किशोरी के विरोध करने पर उन लोगों ने उसे अगवा करने का प्रयास किया। इस बीच शोर मचाने पर गांव के लोगों को आते देख और खुद को घिरता देख आरोपी मौके से भाग निकले। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव हो गया। घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर कोखराज मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिमकी दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर अजीत पांडेय का कहना है रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।