कौशाम्बी में तीन और मिले कोरोना पॉजिटिव
सिराथू व चायल क्षेत्र में मिले हैं संक्रमित, गांवों को किया गया सील
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर (कौशाम्बी)। दोआबा में शुक्रवार को तीन और कोरोना पाजिटिव मिले। इसी के साथ जनपद में अब संक्रमितों की संख्या सात हो गई है। एहतियातन नए संक्रमितों के गांवों को सील करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इनके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। सभी ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग शनिवार से शुरू होगी।
सिराथू तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रहने वाले दो युवक मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। 12 मई को ये दुश्वारियों भरा सफर तय करते हुए किसी तरह गांव पहुंचे। उसी रोज इन्हें जिला मुख्यालय स्थित क्वारंटीन सेंटर पर शिफ्ट कर दिया गया। साथ ही ब्लड सैंपल भी जांच के लिए प्रयागराज प्रयोगशाला भेजा गया। ऐसे ही चायल क्षेत्र का एक युवक दिल्ली में रहता था। ये 11 मई को घर लौटा था। इसे भी 11 को ही क्वारंटीन कर खून का नमूना प्रयोगशाला भेज दिया गया था। शुक्रवार शाम तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर आननफानन संबंधित कोतवालियों की फोर्स ने संक्रमितों के गांवों को सील करने की तैयारी शुरू कर दी। 24 घंटे के भीतर गांवों के आसपास आबाद एक किलोमीटर की परिधि का इलाका सील कर दिया जाएगा। सभी ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और गांवों को सैनिटाइज किया जाएगा।