किसान के घर से तीन लाख के जेवर चोरी
नकदी, बाइक और बर्तन भी ले उड़े चोर
करारी कोतवाली क्षेत्र के अमीनपुर संवारों गांव में सोमवार रात हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
करारी/पिंडरा। करारी कोतवाली क्षेत्र के अमीनपुर संवरो गांव में सोमवार रात एक किसान के घर से चोरों ने नगदी, गहने समेत लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। उसकी तहरीर लेकर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। मामले में फिलहाल प्राथमिकी नहीं दर्ज की जा सकी है।
अमीनपुर संवरो निवासी इशरतउल्ला किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। चार दिन बाद उसकी बेटी की सगाई होनी है। इसके लिए उसने गहने, कपड़ों आदि की खरीदारी कर ली थी। सोमवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य खाने के बाद सो गए। इस दौरान पीछे की दीवार से सेंध काटकर भीतर घुसे चोर करीब डेढ़ लाख रुपया नगद, लगभग तीन लाख रुपया कीमत के गहने, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर, अनाज व एक पल्सर बाइक उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरूआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। चोरों की वारदात को लेकर इलाकाई लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त में ढिलाई करती है। इसी का नतीजा है कि चोरों का हौसला बढ़ा हुआ है। मामले में सीओ सिटी एसएन पाठक का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।