दीवार गिरने से दंपती समेत तीन घायल
कड़ा कोतवाली के अलीपुरजीता गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ा। कोतवाली क्षेत्र के अलीपुरजीता गांव में शुक्रवार दोपहर एक जर्जर दीवार गिरने से दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। मलबे में दबे लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने बाहर निकाला। सभी को सीएचसी इस्माइलपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों हालत नाजुक देख बेटी व मां को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अलीपुरजीता गांव का दिनेश (40) शुक्रवार दोपहर पत्नी गीता देवी व बेटी अंजलि (9) के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान घर की एक जर्जर दीवार भरभराकर तीनों पर गिर गई। इससे तीनों मलबे में दब गए। शोर पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह सभी को बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस्माइलपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने अंजलि की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शाम को गीता की भी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है।