चरवा कोतवाली के उदाथू गढ़वा गांव में बुधवार को भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडा व कुल्हाड़ी के हमले से तीन लोग जख्मी हो गए। शिकायत पर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
उदाथू गढ़वा गांव निवासी रामबाबू व श्याम बाबू का पड़ोसी भारत लाल मौर्या से भूमि विवाद चल रहा है। दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट की स्थिति बन चुकी है। मामला थाना और संपूर्ण समाधान दिवस तक पहुंचा, लेकिन पुलिस व राजस्व टीम की लापरवाही से विवाद का निस्तारण नहीं हो सका। बुधवार को भारतलाल का बेटा उमेश परिवार के अन्य लोगों को लेकर विवादित जमीन में मेड़ बांधने पहुंच गया। जानकारी दूसरे पक्ष को हुई तो रामबाबू और श्याम बाबू भी अपने परिजनों के साथ पहुंचकर विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडा व कुल्हाड़ी लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट में मनराखन, अश्वनी, आशीष गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाज के लिए तीनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
कब्जे का विरोध करने पर भतीजे को दी धमकी
नेवादा। चरवा कोतवाली के अरई सुमेरपुर गांव में जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर चाचा ने अपने भतीजे को जान से मारने की धमकी दी है। अरई सुमेरपुर गांव निवासी शुभम सेन का कहना है कि वह मां-बाप की इकलौती संतान है। पिता की मृत्यु के बाद उसके हिस्से की जमीन पर चाचा की नजर है। आरोप है कि बुधवार सुबह चाचा ने कब्जे की नीयत से उसके खेत की मेड़ काटकर अपने खेत में मिला लिया। विरोध करने पर गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है। संवाद
-
स्कूल से पानी की मोटर चोरी
नेवादा। चरवा कोतवाली के शेखपुर रसूलपुर गांव की पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किरन सिंह ने बताया कि सोमवार रात खिड़की तोड़कर घुसे चोर ने पानी की मोटर पार कर दी। मंगलवार की सुबह विद्यालय पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दी। संवाद