तेलियरगंज के शंकरघाट में दरोगा की पत्नी को तमंचा सटाकर चेन लूटने के आरोप में शिवकुटी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कौशाम्बी के थाना संदीपन घाट स्थित नरवर पट्टी बदनपुर घाट निवासी आरोपी अंकित कुमार व सनुज कुमार और करारी के बभनपुरा निवासी रामजाने के पास से लूटी गई सोने की चेन, दो तमंचे, एक कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शंकरघाट तेलियरगंज निवासी दरोगा की पत्नी मिथिलेश शुक्ला 15 अगस्त को शनिदेव मंदिर में दर्शन करने गई थीं। मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। तमंचा के दम पर लूट की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिये बदमाशों की पहचान कर रही थी। इसी दौरान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रिवर फ्रंट रोड से शंकरघाट की ओर जाने वाली रैंप सड़क पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।