मृतका का शव बाइक से ले जाने वाले आरोपी व बाइक। स्रोत- पुलिस मीडिया सेल
बाइक पर शव लादकर ले जाने का मामला तूल पकड़ने के बाद अब कार्रवाई तेज हो गई है। कड़ा धाम पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
कड़ाधाम मोहब्बतपुर जीता निवासी छंगू लाल ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी बुधरानी के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद जब वह घर पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। उसी दौरान साला मुंशी लाल पुत्र बच्चू लाल निवासी कुरामुरीदन सैनी, साढ़ू लवकुश उर्फ बच्ची लाल व उसके बेटे परमजीत निवासी सलवन खखरेरू फतेहपुर गालीगलौज करते हुए शव को मोटरसाइकिल पर रखकर जबरन श्मशान घाट ले गए।
इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद से ही इस घटना की कड़ी आलोचना हो रही थी।