निरसोमवार को जिले भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए गए। अफसरों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम आदमी ने घरों व पार्कों में शिविर लगाकर योगाभ्यास किया। इस दौरान हर तरफ करें योग, रहें निरोग की गूंज रही।
जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कैंप कार्यालय में आयोजित शिविर में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। कहा कि मानसिक तनाव को दूर करने व शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित तौर पर कुछ समय के लिए योग अवश्य करना चाहिए। पुलिस लाइन में कोरोना की गाइड लाइन का पालन करते हुए सातवां योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए एसपी राधेश्याम ने कहा कि प्रदूषण की वजह से लोग कई तरह की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। साथ ही प्रतिरोधक क्षमता घट रही है।
यदि हम नियमित योग करेंगे तो हमारी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और व्यक्ति तनावमुक्त रहेगा। उन्होंने बताया कि अब हर हफ्ते शुक्रवार को पुलिस लाइन में योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। योग प्रशिक्षक मनोज योगी ने योग के विभिन्न मुद्राओं की जानकारी दी। बताया कि किस योग और व्यायाम से कौन सी बीमारी ठीक हो सकती है। उम्रदराज कर्मियों को सामान्य आसन बताए गए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर, सीओ सिटी केजी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रणजीत राय, राजीव सिंह सोमवंशी, विनोद कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
भाजपा कार्यालय में मना योग दिवस
भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने सदर विधायक लाल बहादुर की अगुवाई में योग दिवस मनाया। सदर विधायक ने कहा कि योग उत्तम स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी है। कहा कि शरीर स्वस्थ रहेगा तो कोरोना का असर कम होगा। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग से अच्छा कोई माध्यम नहीं है। हमें अपने खान-पान पर भी ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर मानसिंह, रमेश पाल, बच्चा केसरवानी आदि मौजूद रहे।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने योग का महत्व समझाया
अखिल भारतीय परिषद कार्यकर्ताओं ने अजुहा नगर स्थित महात्मा बुद्ध महाविद्यालय में योगाभ्यास किया। साथ ही योग का महत्व बताते हुए कहा कि हमे प्रतिदिन अनिवार्य रूप से योग करना चाहिए। तभी हम शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकेंगे। इस मौके पर रिचा पांडेय, शैलेश अग्रहरि, अनुज पांडेय, नितिन कश्यप, आर्यन गुप्ता, अर्जुन व दीपेंद्र अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
योग गुरु व मंडल उपाध्यक्ष भाजयुमो अरुण दिवेद्वी ने सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल, मंडल अध्यक्ष दिलीप पटेल, गिरीश कुमार दिवेद्वी, जनक पांडेय, रुद्र मणि त्रिपाठी आदि को योगासन प्राणायाम, भ्रामरी आसन तथा तितली आसन आदि का अभ्यास कराया। कड़ा के कुबरी घाट पर नेहरू युवा केंद्र द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। योगाचार्य अमित कुमार पांडेय ने योगाभ्यास कराते हुए योग करने के फायदे गिनाए। इस मौके पर विनय कुमार पांडेय, अंजनी कुमार पांडेय, अमित कुमार निषाद, मोहम्मद अफसार, नीरज, मकबूल आदि मौजूद रहे।
भरवारी को सौगात के रूप में मिला भव्य योग योग केंद्र
भरवारी कस्बे के वार्ड नंबर 24 में नगर पालिका परिषद द्वारा बनाए गए योग केंद्र का शुभारंभ चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान विधायक ने करो योग व रहो निरोग का नारा दिया। कहा कि आज हमारे पास सब कुछ है, लेकिन हम किसी न किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। योग के ही माध्यम से हम स्वस्थ रह सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रात: छह से सात बजे तक योग केंद्र चलेगा। ट्रेनर घनश्याम जायसवाल सप्ताह में दो दिन मौजूद रहकर योग सिखाएंगे। भाजपा प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि प्राचीन काल में ऋषि व मुनिगण योग व तपस्या के माध्यम से लंबा जीवन जीते थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने कहा कि हमें स्वस्थ रहने के लिए प्रात: कम से कम से एक घंटे योग करना चाहिए। योगा ट्रेनर घनश्याम जायसवाल ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा प्राणायाम आदि योग मुद्राओं का अभ्यास कराया। भरवारी के वीरेंद्र केसरी ने योग केंद्र के लिए विधायक के प्रति आभार व्यापित किया। इस मौके पर शंकर लाल केसरवानी, राम सजीवन मधुकर, राम नरेश पासी, योगेश साहू, प्रतिभा कुशवाहा व दीपचंद्र दिवाकर आदि लोग मौजूद रहे।
ऑनलाइन दिए गए योग के टिप्स
कस्बा स्थित डॉ. रिजवी स्प्रिंग फील्ड में योग शिविर का आयोजन किया गया। बच्चों ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए योग किया। रिजवी क्रिकेट अकादमी के कोच शैलेंद्र सिंह ने वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से बच्चों को योग का अभ्यास कराया। कहा कि योग से मांसपेशियों का अच्छा व्यायाम होता है। योग शरीर और मानसिक तनाव दूर करता है अच्छी नींद आती इस मौके पर समीम रजा, मोहम्मद मुख्तार, मोहम्मद आदि मौजूद रहे।
एसडीएम ने मनाया योग दिवस
तहसील क्षेत्र के विभिन्न दफ्तरों, आवासों व संस्थानों में योग दिवस मनाया गया। सिराथू तहसील में उपजिलाधिकारी प्रखर उत्तम ने अपने आवास पर योग दिवस मनाया। इसी कड़ी में तहसीलदार सिराथू संतोष कुमार व नायब तहसीलदार दीपांकर सोनकर ने भी योगासन कर विश्व योग दिवस मनाया।
निरोगी काया का मूलमंत्र है योग
कशिया स्थित कौशाम्बी पब्लिक स्कूल अंतरराष्ट्रारीय योग दिवस मनाया गया। इंजीनियर योगेश कुमार मौर्य ने कहा कि निरोगी काया का मूलमंत्र योग है। कक्षा नौ व 12 के छात्र-छात्राओं ने कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए वर्चुअल वाद-विवाद प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जिसमें प्रथम स्थान पर मुस्कान केसरवानी, दूसरे स्थान पर मंजीत कौर व तीसरे स्थान पर शिवानी साहू रहीं। कार्यक्रम में दुर्गा प्रसाद मौर्य, राजकुमार शर्मा, केबीपी कुशवाहा, मानस गुप्ता, ओम प्रकाश तिवारी व राजेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
योग दिवस पर सपाइयों ने निकाली साइकिल रैली
योग दिवस पर सोमवार को लोहिया वाहिनी के जिला महासचिव अरविंद यादव की अगुवाई समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने साइकिल रैली निकाल कर पार्टी की नीतियों का संदेश दिया। इस दौरान राकेश सिंह पटेल उर्फ भोला पटेल ने बताया कि भाजपा सरकार में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता को छला जा रहा है। महंगाई से आम लोगों के साथ ही किसानों की कमर टूट रही है। ऐसे में क्षेत्र की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से ऊब चुकी है। आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए जनता सपा को जिताएगी। इस दौरान सपाइयों ने चायल क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर, कमालपुर, जानकीपुर, गुंगवा के बाग, चलौली, चायल, सिंहपुर, फरीदपुर सुलेम आदि दर्जनों गांवों में साइकिल रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया है।
डीडीआर पब्लिक कॉलेज में मना योग दिवस
डीडीआर पब्लिक इंका में योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हुबलाल इंका के प्रधानाचार्य रसीद खान ने नियमित योग पर बल दिया। कार्यक्रम संयोजक पुष्पा रानी ने कहा कि योग शरीर में स्फूर्ति आती है। यहां प्रबंधक संजय उपाध्याय, कृष्ण कुमार, योगेश कुमार, राधेश्याम पाल, रमाशंकर, प्रीति, प्रमोद कुमार व सुमन देवी आदि ने योगासन किया।
कॉमन सर्विस सेंटर में धूमधाम से मना योग दिवस
कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीणों को योग के बारे में जागरूक किया गया। लगभग चार सौ से ज्यादा केंद्रों पर योग दिवस मनाया गया। जिला प्रंबधक सर्वेश कुमार ने बताया कि योगाभ्यास के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया।
Thousands of people did yoga for a healthy body- फोटो : KAUSHAMBI
Thousands of people did yoga for a healthy body- फोटो : KAUSHAMBI
Thousands of people did yoga for a healthy body- फोटो : KAUSHAMBI