पूरब शरीरा में चोरी के बाद खेत में बिखरा सामान। स्रोत:सोशल मीडिया
कोतवाली के पूरबशरीरा मोहल्ले में मंगलवार की रात चोर कुंडी तोड़कर किसान के घर से सोने-चांदी के कीमती गहने पार कर ले गए। भुक्तभोगी ने गहनों की कीमत चार लाख बताई है। बुधवार सुबह सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
पूरबशरीरा निवासी भोला सरोज घर के पास स्थित तालाब में मछली पालन करता है। रोजाना की तरह मंगलवार को भी वह ताला बंद कर मछली की तकवारी करने तालाब की तरफ चला गया था। जबकि, पत्नी-बच्चे घर के अंदर सो रहे थे।
देर रात दरवाजे की कुंडी तोड़कर भीतर घुसे चोर संदूक उठाकर बगल स्थित कुआं के पास ले गए। पीड़ित के मुताबिक बक्से में रखे तकरीबन चार लाख रुपये कीमती बेटी व पत्नी के जेवरात चोरों ने पार कर दिए। जाते समय चोर उसका मोबाइल फोन भी उठा ले गए।
सुबह नींद खुलने पर बाहर बिखरा सामान देख पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि सूचना के बाद हल्का दरोगा को भेजा गया है। घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।