भरवारी/चायल(ब्यूरो)। भरवारी कस्बा स्थित रेलवे कॉलोनी में गुरुवार रात चोरों ने दो घर खंगाल डाला। रोही गांव में भी एक मकान को निशाना बनाया। गृहस्वामियों की तहरीर लेकर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।वहीं चोरों ने चरवा क्षेत्र में भी एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्रयागराज निवासी धर्मेंद्र मल्लाह रेलवे में गैंगमैन थे। वह भरवारी स्थित कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे। दो दिन पहले बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई। ऐसे में परिवार वाले अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव चले गए। गुरुवार रात कॉलोनी स्थित उनके सूने घर से चोर कपड़ा, बर्तन बिस्तर सहित करीब 50 हजार का सामान उठा ले गए। इसी कॉलोनी में रहने वाले पोर्टर मारतंड पटेल के यहां से भी चोरों ने तकरीबन 60 हजार का गृहस्थी का सामान उड़ा दिया। ऐसे ही रोही गांव निवासी राम ओमकार किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। दीवार फांदकर उसके घर में घुसे चोर लगभग 20 हजार नकद व कुछ कपड़े लेकर फरार हो गए। कोखराज पुलिस जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने की बात कह रही है। वहीं चरवा कोतवाली क्षेत्र के बबुरा मोड़ निवासी रवि गुप्ता ने घर पर ही किराने की दुकान खोल रखी है। वैवाहिक समारोह में वो खाना बनाने का भी काम करता है। गुरुवार रात रवि किसी कार्यक्रम में खाना बनाने गया था। जबकि उसकी पत्नी रिश्तेदार के यहां गई थी।इस दौरान दरवाजे की कुंडी तोड़कर भीतर घुसे चोर करीब 20 हजार रुपया नगद, रंगीन टीवी व बैटरी सहित हजारों का माल समेट ले गए। गृहस्वामी ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।