दीवार से निकाली गई ईंट। स्रोत गृहस्वामी
पिपरी के नूरपुर हाजीपुर गांव में रविवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर पीछे की दीवार से ईंटें निकालकर कमरे में घुस गए। इसके बाद संदूक में रखे रुपये, सोने-चांदी के जेवर आदि समेटकर फरार हो गए। घर वाले सोते रहे पर उन्हें चोरी की भनक नहीं लगी।
नूरपुर हाजीपुर निवासी गुड्डू के मुताबिक रविवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया। फिर वे सब घर के अगले हिस्से में सो गए। चोर घर के पिछले हिस्से से ईंटें निकालकर कमरे में घुसे और सामान समेट ले गए। इस दौरान किसी को कुछ पता नहीं चला।
गुड्डू ने पुलिस को बताया कि चोरों ने संदूक में रखे करीब पांच हजार रुपये, एक लाख रुपये मूल्य के जेवर ले गए। सोमवार सुबह परिजन सोकर उठे तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। पीछे की दीवार से निकली ईंटें और संदूक खाली देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घटना का पता चलते ही मोहल्ले के लोगों की वहां भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित गुड्डू को थाने भेज दिया। गुड्डू ने थाने पहुंचकर चोरी की तहरीर दी। इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्या ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है, जांच की जा रही।