इलाके में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। बेखौफ चोर घरों के सामने से मवेशियों को वाहनों में भर ले जा रहे हैं। शिकायतों के बावजूद पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज न करने का आरोप है।
12 फरवरी की रात महेवाघाट क्षेत्र के घोघपुर गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर बंधे भैंसों को चोर खूंटे से खोलकर वाहन में लाद ले गए। पीड़ित उमेश कुमार निषाद और दुर्गा प्रसाद मल्लाह ने बताया कि 13 फरवरी को थाने में तहरीर देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उनका आरोप है कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने तक की जहमत नहीं उठाई गई।
शाहपुर और डूंडी गांव से भी लाखों रुपये कीमत की भैंसें चोरी हो चुकी हैं। वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही वारदातों से पशुपालकों में आक्रोश है और रात में पहरा देने की नौबत आ गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि महेवाघाट पुलिस को मवेशियों की चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।