कस्बे की घनी आबादी के बीच स्थित डाकघर का ताला तोड़कर चोर मंगलवार की रात रुपयों से भरी तिजोरी उठा ले गए। बुधवार सुबह पोस्टमास्टर की सूचना के बाद पहुंचे एसपी ने मौका-मुआयना किया। इस दौरान पुलिस ने डाकघर के पीछे खेत से खाली तिजोरी बरामद कर ली। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर किया गया है।
कोखराज कोतवाली के नगर पालिका परिषद भरवारी के पुरानी बाजार स्थित डाकघर के कर्मचारी रोजाना की तरह मंगलवार की शाम भी ताला बंद कर घर चले गए। आधी रात को चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और जमीन में गाड़कर रखे गए बक्से को खंगाल डाला। इसके बाद बक्से के अंदर रखी रुपयों से भरी तिजोरी उठा ले गए।
बुधवार की सुबह 10 बजे डाकघर पहुंचे पोस्टमास्टर शशिकांत मिश्रा ने बाहरी दरवाजे का ताला टूटा देखा। भीतर घुसने पर बक्से के अंदर से तिजोरी भी गायब मिली। पोस्टमास्टर ने बताया कि तिजोरी में दो लाख 56 हजार 950 रुपये रखे हुए थे। शोरशराबा सुन आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एसओजी प्रभारी संजय गुप्ता कोतवाली पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पोस्टमास्टर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
डाकघर में नहीं लगा सीसीटीवी कैमरा
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए बैंक व डाकघरों में सुरक्षा के सभी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने के लिए कारोबारियों को पुलिस प्रेरित कर रही है। वहीं, चेारी की जांच करने पहुंचे एसपी को भरवारी कस्बे में संचालित डाकघर में सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला।
छह साल से सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं
भरवारी। डाकघर में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। छह साल पहले तक यहां एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रात्रि ड्यूटी पर रहता था। लेकिन उसके रिटायर होने के बाद से डाकघर की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई।
शक के दायरे में आया कर्मचारी
घनी आबादी के बीच संचालित डाकघर से चोरी को लेकर विभागीय कर्मचारी की मिलीभगत की आशंका है। क्योंकि रुपयों से भरी तिजोरी रखने वाले स्थान की जानकारी डाकघर में काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा किसी बाहरी को नहीं थी। ऐसे में पुलिस ने डाकघर के कर्मचारियों को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।
Thieves broke the lock of Bharwari Post Office and took away the vault full of money- फोटो : KAUSHAMBI