विकासखंड कौशाम्बी क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन 17 मार्च को किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों की टीम विभिन्न गांवों में पहुंचकर निर्माण और विकास योजनाओं की हकीकत परखेंगी।
खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार राय ने बताया कि सत्यापन अभियान के तहत कैनेली, कोसम इनाम, बिदांव व बजहा खुर्रमपुर ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों की मौके पर जांच की जाएगी। अधिकारियों की टीम पंचायतों में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और प्रगति का निरीक्षण करेगी।
उन्होंने बताया कि स्थलीय सत्यापन के बाद बजहा खुर्रमपुर स्थित पंचायत भवन में समीक्षा बैठक भी होगी। बैठक में संबंधित पंचायतों में हुए विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इस दौरान कंसल्टिंग इंजीनियर, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव और संबंधित ग्राम प्रधानों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख और प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित रहें।
बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ विकास कार्य कराए जाएं, इसके लिए समय-समय पर सत्यापन और समीक्षा की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।