जिला अजिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फिलहाल ऑक्सीजन की दिक्कत नहीं होगी। सौ बेड के अस्पताल में अब अतिरिक्त 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगाए गए हैं। जिलाधिकारी अमित सिंह के निर्देश पर लगाए कंसंट्रेटर से फिलहाल अस्पताल में भर्ती 72 मरीजों को ऑक्सीजन मिल सकेगी।
कोरोना संक्रमण काल में पूरे देश में ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। जिले से सटे प्रयागराज जनपद के एल-थ्री स्तर के अस्पताल में भी मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा।
इसके पीछे सबसे बड़ा कारण ऑक्सीजन की कमी है। जिले में भी सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में हालात बेहद खराब हैं। निजी अस्पताल तो दूर सरकारी अस्पताल भी सांस के मरीजों के लिए रेफर सेंटर बन गए थे।
इस बाबत अमर उजाला ने पिछले दिनों प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का असर रहा कि जिला प्रशासन की तरफ से जिला अस्पताल को 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसकी वजह से अस्पताल में काफी हद तक ऑक्सीजन की समस्या नहीं आएगी।
जिला अस्पताल में सौ बेड पर मरीजों को भर्ती किए जाने की व्यवस्था है। इन दिनों 12 मरीज इमरजेंसी में ऑक्सीजन पर हैं। बाकी के कोरोना व अन्य वार्ड में हैं। फिलहाल किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है।
डॉ. दीपक सेठ, सीएमएस