There was illegal liquor worth one million in DCM
- फोटो : KAUSHAMBI
डीसीएम में थी दस लाख की अवैध शराब
पुलिस ने शराब को लिया कब्जे में, चालक के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी
पिपरी इलाके में मखऊपुर के समीप सड़क हादसे के बाद पकड़ी गई थी गाड़ी
दर्ज कराई प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पिपरी इलाके के मखऊपुर गांव के समीप रविवार को सड़क हादसे के बाद पकड़ी गई डीसीएम में करीब 10 लाख रुपये की अवैध शराब लदी थी। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूरामुफ्ती के मनौरी गांव का मुकेश कुमार रैदास पुत्र लालचंद्र रविवार दोपहर बहन-बहनोई के साथ शादी की खातिर लड़की देखने काठगांव जा रहा था। मखऊपुर तिराहे के समीप पीछे से आई डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे लोगों ने डीसीएम चालक को पकड़ लिया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो डीसीएम में शराब मिली। इस पर सर्किल की आबकारी निरीक्षक सुषमा मिश्रा को बुलाया गया। जांच के बाद आबकारी निरीक्षक ने शराब के वैध होने का बयान जारी किया था। देर शाम वीआईपी ड्यूटी से लौटे कोतवाल पवन त्रिवेदी ने चालक से पूछताछ की तो वह कोई भी कागज नहीं दिखा सका। कोतवाल ने बताया कि डीसीएम में करीब दस लाख की उत्तर प्रदेश में निर्मित होने का टैग लगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। चालक शैलेंद्र नाथ मिश्रा निवासी मदरस थाना घाटमपुर जिला कानपुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह गाजियाबाद से वैध शराब लादकर सिद्धार्थनगर जा रहा था। कोतवाल का कहना है कि कागज मंगवाया गया है। कागज हुआ तो कोर्ट से शराब छूट जाएगी।