There was a disturbance in the bills in the electricity consumer camp
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। उपभोक्ताओं की बिल संबंधी गड़बड़ी और उसे सुधार कर राजस्व जमा कराने के लिए रविवार को दूसरे दिन भी जिले के दस उपकेंद्रों में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 12.50 लाख का राजस्व जमा कराया गया। ज्यादातर उपभोक्ताओं के बिल में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आईं। अब विभाग ने शिकायत के लिए ऑनलाइन पोर्टल, ट्विटर अकाउंट व टोल फ्री नंबर 1912 जारी किया है। उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज कराकर अपना बिल सुधरवा सकता है।
रविवार को जिले के करारी, पश्चिमशरीरा, अजुहा, कोखराज, घटमापुर, महंगाव, मूरतगंज, सरायअकिल, तिल्हापुर मोड़ और गोपसहसा उपकेंद्र में कैंप का आयोजन किया गया। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार श्रीवास्तव ने खुद महंगाव व मूरतगंज उपकेंद्र का निरीक्षण कर वहां आने वाले उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि सभी दस उपकेंद्रों में शाम तक 12.50 लाख रुपये का राजस्व जमा कराया गया है। ज्यादातर उपभोक्ताओं की शिकायत मिली कि उनका बिल सही नहीं आ रहा है।
इसे लेकर मीटर एजेंसी के लोगों को भी कैंप में बैठाया गया था। उपभोक्ताओं का त्वरित बिल संशोधन कराया गया। इसके अलावा बड़े बकाएदारों को पार्ट पेमेंट की सुविधा भी प्रदान की गई। कैंप के आयोजन का मकसद था कि उपभोक्ता को सहूलियत मिले। उपभोक्ता अपने बिल संबंधी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1912 में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा तमाम लोगों ने ट्विटर व ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर भी अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिनका निस्तारण किया गया है।