... तो दिव्यांग, अधेड़ व नशेड़ियों को बेची जाती थी लड़कियां
- राजस्थान में बेची गई किशोरी की तथाकथित सास ने किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। राजस्थान में बेची गई किशोरी की तथाकथित सास ने चौकाने वाला खुलासा किया है। उसका दावा है क्षेत्र के जिलों से करीब 50 लड़कियों को दलाल राजस्थान ले जाकर बेच चुके हैं। इस रैकेट में राजस्थान का भी एक व्यक्ति शामिल है।
राजस्थान से आई किशोरी की तथाकथित सास ने बताया कि वह कोई अकेली नहीं है, जिसने अपने बेटे के लिए दुल्हन खरीदी। उसका बेटा 18 साल का है। जबकि इस क्षेत्र से करीब 50 लड़कियों को राजस्थान में बेचा गया है। इस रैकेट में राजस्थान का एक व्यक्ति भी शामिल है। यहां की लड़कियों को वहां अधेड़, दिव्यांग व नशेड़ियों को बेचा जाता है। जब यह लड़की मेरे पास पहुंची तो लगा कि यह भी बेचारी कहीं फंस न जाए। इस पर उसने कर्ज लेकर लड़की को खरीदा। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि किशोरी की तथाकथित सास का बयान चौंकाने वाला है। पूरे रैकेट के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया है। बुधवार को किशोरी का अदालत में 164 का बयान कराया गया है। बयान में जो भी नए तथ्य होंगे उसे विवेचना में शामिल किया जाएगा।
बालिग होने से दो माह पीछे है किशोरी
भरवारी। किशोरी के गांव में चर्चा रही कि उसे मालूम था कि उसकी मां ने कोखराज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इस वजह से वह तीन माह तक चुप्पी साधे रही। अब आधार कार्ड के हिसाब से किशोरी बालिग है लेकिन मार्कशीट में बालिग होने में अभी दो माह बाकी हैं।