चोरों ने मेडिकल स्टोर से नगदी सहित हजारों का माल उड़ाया
करनपुर सौरई की घटना, चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
सैनी कोतवाली क्षेत्र के करनपुर सौरई चौराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर से रविवार रात शटर तोड़कर चोरों ने नगदी सहित हजारों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
मंझनपुर इलाके के गंभीरा पूरब गांव निवासी आशीष पांडेय पुत्र रामसूरत पांडेय ने करनपुर सौरई चौराहे पर दवा की दुकान खोल रखी है। रविवार रात वह दुकान बंद करके घर चला गया। इस दौरान शटर तोड़कर भीतर घुसे चोर गल्ला तोड़कर करीब 25 हजार रुपया नगद व लगभग 30 हजार रुपया कीमत की दवाएं उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। खबर पाकर दुकानदार भी दुकान पहुंचा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरूआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में सैनी कोतवाल आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।