मंझनपुर। सिराथू कस्बा स्थित निजी अस्पताल के कैश काउंटर से शनिवार की रात 11 हजार रुपये चोरी हो गया। सीसीटीवी फुटेज में खुलासा होने के बाद अस्पताल संचालक ने मामले की तहरीर सैनी कोतवाली में दी। कोतवाली पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।सैनी कोतवाली के सिराथू निवासी दिवाकर राय ने कस्बे में ही पद्मावती अस्पताल संचालित कर रखा है। बताया कि शनिवार रात कर्मचारी अस्पताल के मुख्य चैनल में ताला बंद करना भूल गए।
इसका फायदा उठाते हुए आधी रात के बाद तकरीबन दो बजे एक किशोर चैनल खोलकर अंदर घुसा और कैश काउंटर में रखा 11 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। रविवार की सुबह अस्पताल पहुंचे संचालक ने काउंटर से रुपया गायब देखा तो उनके होश उड़ गए। पूछताछ में कर्मचारियों ने भी अनभिज्ञता जताई। इस पर उन्होंने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला तो माजरा समझ में आ गया। अस्पताल संचालक ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। सैनी कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है।