पश्चिमशरीरा बाजार निवासी एक मिष्ठान कारोबारी के घर से रविवार रात दीवार फांदकर चोरों ने नगदी सहित करीब 70 हजार रुपये का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
पश्चिमशरीरा निवासी उमाशंकर उर्फ पप्पू मोदनवाल गोराजू बाजार में मिठाई की दुकान चलाता है। रविवार रात वह दुकान पर था। घर पर पत्नी-बच्चे खाने के बाद सो गए। इस दीवार फांदकर भीतर घुसे चोर आलमारी, बक्सों का ताला तोड़कर करीब 21 हजार रुपया नगद व तकरीबन 50 हजार रुपया कीमत के गहने उठा ले गए। सुबह सोकर उठी गृहस्वामिनी को घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरूआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में पश्चिमशरीरा इंस्पेक्टर स्वामीनाथ का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।