मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के पल्टीपुर गांव में ब्याही एक महिला को उसके पति ने बंधक बनाकर महीने भर तक यातनाएं दीं। हैवान पति के चंगुल से छूटी महिला ने सोमवार को एसपी को मामले से अवगत कराया।
कोखराज के चमंधा गांव की शिवरती पुत्री कुंज बिहारी ने बताया कि उसका विवाह करीब चार साल पहले पल्टीपुर में हुआ था। पीड़िता की मानें तो पति शराब का आदी है। वह अक्सर नशे में धुत होने के बाद पिटाई करता था। महीने भर पहले भी पीटा तो फोन करके आपबीती मायके वालों को बता दी। मायके वालों ने समझौता करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद पति ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि एक वक्त सिर्फ अधजली रोटी देता था। कोड़े से पिटाई करने के साथ सिगरेट से शरीर दागता था। किसी तरह दो दिन पहले पति के चंगुल से छूटकर भाग निकली। मायके जाकर उसने दुखड़ा सुनाया तो उनके होश उड़ गए। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कोखराज इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।