मंझनपुर। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की शाम बाजार आई युवती के साथ दो युवकों ने जबरदस्ती का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। एसओ ने बताया कि पुरानी रंजिश में युवती से कहासुनी की बात सामने आ रही है।
करारी कोतवाली इलाके के एक गांव की रहने वाली युवती सोमवार की शाम मंझनपुर बाजार आई थी। बताया कि घर लौटते समय जिला अस्पताल के समीप पहले से खड़े दो युवको ने उसे रोक लिया और जबरदस्ती का प्रयास करने लगे। युवकों की हरकत देख युवती चीखने-चिल्लाने लगी।
सरेराह युवकों का दुस्साहस देख आस-पास मौजूद लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। लोगों को देख आरोपी युवती को जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकले। युवकों के चंगुल से छूटी युवती मंझनपुर कोतवाली पहुंची और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामला पुरानी रंजिश का लगा रहा है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।