मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली इलाके में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या के बाद उसके चिता की आग भले ही ठंडी पड़ गई हो। पीड़ित परिवार के सीने में गुस्से की आग धधक रही है। मृतका की भाभी व बहन का कहना है कि आरोपियों के साथ वैसा ही सुलूक किया जाए, जैसा पीड़िता के साथ हुआ। उन्होंने हत्यारोपियों के घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग की है।
दुष्कर्म पीड़िता के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने मंगलवार की शाम यमुना किनारे अंतिम संस्कार करा दिया। युवती को मुखाग्नि उसके पिता ने दी। शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाने निषाद राज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकुमार निषाद की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल पहुंचा था। जिलाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
इस दौरान घटना की चश्मदीद मृतका की भाभी व बहन रोते हुए बोल पड़ी कि हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए। आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलवाया जाए, तभी उनके कलेजे को ठंडक मिलेगी। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अशोक निषाद, अवधेष निषाद, नवल निषाद,जुग्गीलाल, हीरालाल, राहुल निषाद आदि लोग मौजूद रहे।