मंझनपुर। मतदान व मतगणना में लगे कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बीमार पड़ने पर तत्काल स्पेशल वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल में एक वार्ड को आरक्षित किया गया है। यहां पर इमरजेंसी स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी।
लोकसभा चुनाव के दौरान गर्मी ज्यादा पड़ने की आशंका है। ऐसे में ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों के बीमार होने का खतरा है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने पहले से तैयारी कर ली है। जिला अस्पताल में एक वार्ड को ऐसे ही कर्मचारियों को भर्ती कर इलाज करने के लिए आरक्षित किया गया है। वार्ड में तीन मेल स्टाफ नर्स और एक महिला स्टाफ नर्स को लगाया गया है। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक तो इलाज करेगा ही, साथ में जरूरत पड़ने पर अन्य चिकित्सक को कॉल करके बुलाया जाएगा। सीएमएस डॉ. दीपक सेठ का कहना है कि अस्पताल में वार्ड व स्टाफ की व्यवस्था की गई है। जिससे ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी के बीमार होने पर उसका तत्काल इलाज किया जा सके। एम्बुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।