करारी में कान में रखा बताशा संवाद
कभी त्योहारों की रौनक और बच्चों की खुशियों का हिस्सा रहे चीनी के बताशे और खिलौनों का कारोबार अब सिमटता जा रहा है। हाथी, घोड़े, चिड़िया, राजा-रानी और मंदिर की आकृति वाले खिलौने बाजारों से गायब होते जा रहे हैं। बदलते खानपान, मिठाइयों के बढ़ते चलन और महंगाई ने इस पुश्तैनी कारोबार की मिठास फीकी कर दी है। अब इनकी मांग मुख्य रूप से पूजा-पाठ और पारंपरिक रस्मों तक सीमित रह गई है।
एक दशक पहले धनतेरस, दीपावली और ढेढ़िया जैसे त्योहारों पर बताशों और शक्कर के खिलौनों की खूब बिक्री होती थी। मेहमानों के स्वागत में भी बताशे देने की परंपरा थी। कारोबारी संतोष केसरवानी ने बताया कि नगर में पहले 10 से 15 दुकानें और कारखाने थे लेकिन अब इनकी संख्या घटकर महज दो रह गई है।
कारोबारी दिलीप मोदनवाल के मुताबिक, दस साल पहले उनके कारखाने में रोजाना एक क्विंटल चीनी की खपत होती थी, जो अब घटकर 50 किलो से भी कम रह गई है। पिछले साल 44 रुपये किलो मिलने वाली चीनी अब 65 रुपये की हो गई है। वहीं, 70 रुपये किलो बिकने वाला बताशा अब थोक में 80 और फुटकर में 100 रुपये किलो पहुंच गया है। लागत बढ़ने और मुनाफा घटने से नई पीढ़ी भी इस पुश्तैनी कारोबार से दूरी बना रही है।
-इनसेट
कम मांग से कारीगरों की गृहस्थी चलना मुश्किल
बताशा और चीनी के खिलौने बनाने वाले कारीगर पप्पू मोदनवाल ने बताया कि कि मांग घटने से उत्पादन कम करना पड़ा है। इस काम में लगे अधिकांश कारीगरों को अपने परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। कभी पारंपरिक मिठास और त्योहारों की पहचान रहे बताशे और चीनी के खिलौने अब बाजार में अपनी जगह बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
वर्जन-
महंगाई के कारण बताशे और चीनी के खिलौने बनाना महंगा हो गया है। लागत बढ़ने से कारोबार प्रभावित हुआ है। अब चीनी के खिलौने खुद बनाने के बजाय रेडीमेड खरीदना ज्यादा आसान पड़ रहा है। विमल मोदनवाल, बताशा विक्रेता