यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं को डेढ़ माह इंतजार के बाद अब मार्कशीट मिलेगी। बोर्ड की ओर से मार्कशीट भेज दी गई हैं। जल्द ही विद्यालयों से छात्रों को जारी की जाएंगी। वहीं हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं को अभी इंतजार करना होगा। क्योंकि अभी तक बोर्ड की ओर से मार्कशीट के बारे में जिम्मेदारों को सटीक जानकारी नहीं मिल पा रही है। कोरोना के संक्रमण में सारी व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर आयोजित इंटर और हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा मार्च माह में संपन्न हुआ ही था कि कोरोना का संक्रमण शुरू हो गया। संक्रमण को देखते हुए मूल्यांकन स्थगित कर दिया गया था। एक माह बाद जैसे-तैसे मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
27 जून को परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था। मगर कोरोना संक्रमण की वजह से मॉर्कशीट की छपाई रुकी थी। जून के बजाय अगस्त माह में इंटर की मार्कशीट माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी की गई है। डीआईओएस कार्यालय पर मार्कशीट आ गई हैं। इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल 19272 छात्र-छात्राओं को जल्द ही मार्कशीट मिलेगी। वहीं हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल 22376 बच्चों का अंकपत्र अभी नहीं आया है। उन्हें मॉर्कशीट के लिए इंतजार करना होगा। डीआईओएस एसके सिंह ने बताया कि इंटर की मार्कशीट आ गई है। छात्र-छात्राएं अपने संबंधित विद्यालय से मार्कशीट प्राप्त कर सकते हैं।