जिले में चल रही प्राइवेट हॉस्पिटल की हड़ताल को लेकर कौशाम्बी मेडिकल प्रोफेशन एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सीएमओ से मुलाकात की। इसमें सीएमओ ने जल्द ही दोनों संगठनों के साथ बैठक कर मांगों पर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद देर शाम हड़ताल वापस ले ली। हालांकि, नगर के तमाम प्राइवेट अस्पताल सुबह से ही खुल गए थे।
डीएम की ओर से नगर के 70 प्राइवेट हॉस्पिटल की जांच कराई गई थी। इसमें ज्यादातर अस्पताल नियमों के विपरीत चलते मिले थे। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने चार अस्पताल सील कर दिए थे। इसी के बाद सोमवार को प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान कर दिया था। हालांकि, दूसरा संगठन कौशाम्बी मेडिकल प्रोफेशनल एसोसिएशन इससे अलग रहा। बाद में दोनों संगठनों ने मंगलवार को बैठक कर सीएमओ से मिलने का निर्णय लिया था। दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रखी गई।
हालांकि, नगर के तमाम हड़ताल के बावजूद भी हॉस्पिटल खुल गए थे। देर शाम कौशाम्बी मेडिकल प्रोफेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय शुक्ला ने एक प्रतिनिधि मंडल के साथ सीएमओ डॉ. संजय कुमार से मुलाकात की। इसमें राजस्व विभाग ने सिर्फ अस्पतालों में नक्शे की जांच करने, डॉक्टरों व अन्य सुविधाओं की जांच स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से ही कराने और कमियां मिलने पर नोटिस के साथ कुछ समय देने की मांग की। अध्यक्ष विनय शुक्ला ने बताया कि सीएमओ ने आश्वासन जल्द बैठक करके इन मुद्दों पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है। इस बैठक के बाद देर शाम प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज पांडेय ने हड़ताल समाप्त होने की घोषणा कर दी।