करारी में अधेड़ मिश्रीलाल की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की शुरुआती कहानी पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी तरह खारिज कर दी है। पुलिस जहां अब तक मौत को कौवों के हमले और हार्टअटैक से जोड़ रही थी, वहीं रिपोर्ट में साफ हुआ कि सिर और आंख के पास गहरी चोट पहुंचाकर मिश्रीलाल की निर्ममता से हत्या की गई।
इब्राहिमपुर निवासी 57 वर्षीय मिश्रीलाल राजपूत घर में अकेले रहते थे। पत्नी बीमार होने के कारण बेटी के पास गई थी। बृहस्पतिवार सुबह घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने झांककर देखा तो मिश्रीलाल मृत पड़े थे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा था, सिर व आंख पर गंभीर चोटें थीं और कान से खून बहा था।
घटना के बाद भी पुलिस इसे सामान्य मौत बताती रही, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि कर दी। अब पुलिस ने बेटी गीता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सियाकांत चौरसिया ने जल्द खुलासे का दावा किया है।