मंझनपुर। सदर तहसील के बरैसा गांव में मंदिर की भूमि पुजारी के बेटे ने खुद के नाम बैनामा करा लिया। शिकायत पर डीएम ने सीओ सदर को जांचकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। बरैसा निवासी लक्ष्मी नारायण सिंह सोमवार को समाधान दिवस में डीएम मनीष कुमार वर्मा से मिले। आरोप लगाया कि उनके दादा जगन्नाथ सिंह ने अपनी भूमि भगवान अवध बिहारी मंदिर के नाम कर दिया था। भूमि की देखरेख का जिम्मा पुजारी धरमदास को दिया गया था।
उस समय करार हुआ था कि जो मंदिर में भगवान की सेवा करेगा वही भूमि की देखरेख करेगा। इसे न तो बेचा जा सकेगा और न ही बंधक बनाई जा सकेगी। दादा जगन्नाथ की मौत के बाद मंदिर की देखरेख धरमदास करते हुए भूमि की जिम्मेदारी संभाले हुए थे। आरोप है कि पुजारी की मौत के बाद उनके पुत्र राकेश व विजय ने पूरी भूमि अपने नाम दर्ज करा ली। इतना ही नहीं भूमि की केसीसी बनवाकर बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा से तीन लाख व एसबीआई टेंवा से दो लाख चार हजार ऋण भी ले लिया। डीएम ने आरोप को गंभीरता से लेते हुए सीओ सदर को जांच करने का निर्देश दिया।