सिराथू कस्बे के रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे बनी पार्किंग खड़े कार व ई-रिक्शा संवाद
पुल के नीचे दोनों ओर बनी सर्विस लेन में बेतरतीब वाहन पार्किंग और ई-रिक्शा खड़े होने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। इससे न सिर्फ आम लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
सिराथू कस्बे के बीच से होकर गए दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की क्रॉसिंग पर सात वर्ष पूर्व राज्य सेतु निर्माण विभाग से संत मलूक दास रेलवे पुल का निर्माण कराया था। ऐसे में ब्रिज के नीचे से होकर छोटे वाहनों के आवागमन के लिए सर्विस लेन बनाई गई है। सर्विस लेन की सड़क पुल के नीचे कार पार्किंग होने व ई-रिक्शा के खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कस्बे के भरत लाल ने बताया कि रेलवे ओवर ब्रिज बनने के बाद भी जाम की समस्या समाप्त नहीं हुई है ऐसे में लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। राम जी जायसवाल का कहना है यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से इसका असर व्यवसाय पर पड़ता है। टिंकू तिवारी, विपिन यादव, बबलू श्रीवास्तव आदि लोगों का कहना है नगर पंचायत से चिह्नित किए गए पार्किंग में वाहनों को न खड़ा करने की बजाय चालक सड़क की पटरी पर गाड़ियां खड़ी कर देते हैं जिससे सुबह शाम जाम की स्थिति बनी रहती है।
कस्बे के रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे कार पार्किंग करने वाले व ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में भी कार्रवाई के दौरान जुर्माना भी वसूला गया था लेकिन इसके बाद भी बेखौफ हो चुके वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - योगेश कुमार गौड़, एसडीएम सिराथू