सिराथू। नगर पंचायत सिराथू में नया सवेरा योजना के तहत 57 लाख रुपये की लागत से इंटर लाकिंग मार्ग बनेगा। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक वाचस्पति और जिलाधिकारी राजमणि यादव ने संयुक्त रूप से इसकी आधारशिला रखी। इस सड़क के बन जाने से कस्बाइयों को रास्ते की एक बड़ी समस्या से निदान मिलेगी।
बता दें कि नगर पंचायत सिराथू के रामलाल का पुरा और सरांव मोहल्ले के लिए पक्का मार्ग नहीं था। इससे दोनों मोहल्ले वालों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। बारिश के मौसम में तो लोग कीचड़-पानी से भरे कच्चे रास्ते से आने-जाने को मजबूर थे। मोहल्ले के लोग इस समस्या के समाधान की मांग कई सालों से करते आ रहे थे। कस्बाइयों की इस समस्या के समाधान के लिए इन दोनों मोहल्लों को जोड़ने के लिए इंटर लाकिंग मार्ग बनाने का प्रस्ताव सदन में स्वीकृति हुआ।
नया सवेरा योजना के तहत करीब एक किलोमीटर लंबी और 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक वाचस्पति एवं डीएम राजमणि यादव ने आधार शिला रखी। इस मौके पर विधायक वाचस्पति ने कहा कि नगर के विकास के लिए हरसंभव मदद की जाएगी। कहा कि कई बार मोहल्ले के लोगों ने उनसे भी सड़क निर्माण की मांग रखी थी। अब इस मार्ग के बन जाने से इन दोनों मोहल्ले के लोगों की रास्ते वाली दिक्कत खत्म हो जाएगी। डीएम राजमणि ने प्रस्तावित मार्ग के निर्माण में मानक की निगरानी रखने का आह्वान कस्बाइयों से किया। इस मौके नगर पंचायत के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्या, जिला सूचना अधिकारी जेएन यादव, अशर्फी लाल शास्त्री, रमेश यादव, दिलीप सिंह पटेल, अबरार अहमद, अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।