नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में सायकिल फंसने पर सुजातपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन
- फोटो : KAUSHAMBI
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर मंगलवार की शाम एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया। सुजातपुर रेलवे स्टेशन के समीप नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति साइकिल छोड़कर भाग गया। साइकिल ट्रेन के जेनरेटर ऑन बैगन कोच में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे तकरीबन 20 मिनट तक स्टेशन पर ट्रेन रुकी रही। इस मार्ग पर हफ्ते भर के भीतर यह दूसरी घटना हुई।
सिराथू रेलवे स्टेशन से सुजातपुर रेलवे स्टेशन के मध्य खंभा नम्बर 874/20-22 के बीच शाम लगभग 5:30 बजे कानपुर की ओर से आ रही ट्रेन संख्या 12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के सामने कोई व्यक्ति ट्रैक पर साइकिल फेंककर भाग गया।
साइकिल नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से टकराने के बाद जनरेटर ऑन बैगन कोच (विद्युत आपूर्ति के लिए लगा जनरेटर वाला कोच) में फस गई। कर्मचारियों ने सुजातपुर स्टेशन पर ट्रेन रोककर कोच में फंसी साइकिल को निकाला। इस दौरान नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस 20 मिनट सुजातपुर स्टेशन पर खड़ी रही। आरपीएफ के भरवारी चौकी इंचार्ज सुरेंद्र पासवान का कहना है कि साइकिल सवार की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।