मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशाम्बी की यातायात समेत सभी समस्याएं दूर करने के साथ ही यहां के पर्यटनस्थलों का विकास उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सड़क से लेकर सदन तक उनका प्रयास जारी है। यह दावा बुधवार को मंझनपुर में वार्ता के दौरान सांसद विनोद सोनकर ने किया।
मंझनपुर स्थित गेस्ट हाउस में बातचीत के दौरान सांसद सोनकर ने बताया कि सदन में उन्होंने कौशाम्बी के मनौरी, भरवारी और सिराथू स्टेशनों पर रूकने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, कौशाम्बी के पर्यटनस्थलों के विकास, आशा स्वास्थ्य कार्यकत्रियों को नियमित कर्मचारी बनाने, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाने, विशेष शिक्षकों को नियमित करने, कौशाम्बी में इस वर्ष कम बारिश होने पर नहरों में टेल तक सिंचाई के मौसम में पानी उपलब्ध कराने, कौशाम्बी में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और शीतागार की स्थापना किए जाने, फल संरक्षण उद्योगों की स्थापना किए जाने, न्यूनतम पेंशन योजना लागू करने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कालाबाजारी बंद कराने, स्वच्छ भारत अभियान के लिए धनराशि उपलब्ध कराने, डाकघरों के निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने, डाकघरों के उच्चीकरण, कौशाम्बी में सोलर पार्क का निमार्ण कराने आदि मामले सदन में उठाए हैं।
दावा किया कि इन मामलों को जल्द पूरा कराने का प्रयास भी लगातार किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों की बिजली, पानी, सड़क जैसी समस्याओं को भी दूर करने की कोशिश हो रही है।