कोरोना संक्रमित के अंतिम संस्कार तक को तैयार नहीं हुए परिजन
अजुहा इलाके के संक्रमित बुजुर्ग की मंगलवार रात एसआरएन अस्पताल में हुई थी मौत
रिश्तेदार की मौजूदगी में प्रयागराज प्रशासन ने कराया शव का अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोरोना के खौफ के चलते अपने भी बेगाने हो जा रहे हैं। अजुहा के एक बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई थी, वे प्रयागराज के एसआरएन में भर्ती थे। बुजुर्ग की अंत्येष्टि का जब वक्त आया तो संक्रमण के डर से परिजनों ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया। एक रिश्तेदार की मौजूदगी में प्रशासन ने बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार कराया।
कौशाम्बी में अब कोरोना संक्रमितों की मौत का सिलसिला भी शुरू हो गया है। मंगलवार रात एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती अजुहा इलाके के एक बुजुर्ग की सांसें थम गईं। वह 24 जून को दरवाजे पर फिसलकर गिर गए थे। इससे उसकी कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। परिजनों ने बुजुर्ग को पहले प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां कूल्हे की हड्डी का ऑपरेशन हुआ। इसी दौरान कोरोना की जांच भी हुई। 27 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो चिकित्सकों ने बुजुर्ग को एसआरएन में भर्ती करा दिया। वहां मंगलवार रात उसकी मौत होने के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को सूचना दी। मृतक के बेटे कमलेश ने बताया कि उसे अंतिम दर्शन के लिए बुलाया गया था, लेकिन दहशत के कारण कोई जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए प्रयागराज में रहने वाले एक रिश्तेदार को भेज दिया गया था। एसआरएन प्रशासन ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया। उधर मौत से परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब हो गई। उन्हें इस बात का मलाल भी था कि वे अंतिम समय बुजुर्ग का मुंह नहीं देख पाए।