मंझनपुर (ब्यूरो)। ओसा चौराहे के समीप शुक्रवार की सुबह सरेराह बाइक सवार बदमाशों ने दुधिया को तमंचा सटाकर नगदी लूट लिया। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। घटना के बाद दूधिया कोतवाली पहुंचा और घटना की तहरीर पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर लेने के बाद उसे डांटकर थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस की इस कार्यशैली से भुक्तभोगी डरा-सहमा है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव निवासी अरविंद कुमार ने ओसा चौराहे पर ही दूध की डेयरी खोल रखी है। शुक्रवार सुबह वह दूध बेचकर बाइक से वापस डेयरी जा रहा था। डेयरी के पास पहुंचते ही पहले से खड़े दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता नकाबपोश बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटाते हुए सात हजार छह सौ रुपये लूट लिए। सरेराह वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। सरेराह हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
आनन-फानन भुक्तभोगी कोतवाली पहुंचा और घटना की शिकायत पुलिस से की। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर लेने के बाद उसे डांटकर थाने से भगा दिया। मामले में प्रभारी एसपी ओपी पांडेय ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी को सिरे से खारिज किया है। उधर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने लूट की घटना को फर्जी बताया है। लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।