मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन में बने ओपीडी परामर्श कक्ष। संवाद
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बृहस्पतिवार से मेडिसिन और बाल रोग विभाग की ओपीडी को नए भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। दोनों विभागों की ओपीडी नए भवन के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित होगी। मरीजों की सुविधा के लिए यहां ऑनलाइन पर्चा पंजीकरण काउंटर भी बनाया गया है। इससे पुराने भवन में मरीजों की भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने बताया कि मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने से मेडिसिन विभाग की ओपीडी में भीड़ बढ़ रही है। वहीं, पुराने भवन में फायर टेंडर से संबंधित कार्य चलने के कारण भी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में फिलहाल दोनों विभागों की ओपीडी को नए भवन में शिफ्ट कर ट्रायल किया जा रहा है। व्यवस्था ठीक रहने पर अन्य विभागों की ओपीडी भी धीरे-धीरे नए भवन में शिफ्ट की जाएगी।
-इनसेट-
इन कक्षों में बैठेंगे डॉक्टर
नए भवन में मेडिसिन विभाग की ओपीडी के लिए जी-28 और जी-29 नंबर कक्ष निर्धारित किए गए हैं। जी-28 में डॉ. सुरभि प्रकाश और डॉ. संध्या खरे, जबकि जी-29 में डॉ. एके सिंह मरीजों को परामर्श देंगे। चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव सिंह जी-30 नंबर कक्ष में बैठेंगे। वहीं, बाल रोग विभाग की ओपीडी जी-34 और जी-35 में संचालित होगी। जी-34 में डॉ. विश्व प्रकाश और डॉ. विकेश दुबे, जबकि जी-35 में डॉ. आरके निर्मल और डॉ. पवन मरीजों का उपचार करेंगे।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन में बने ओपीडी परामर्श कक्ष। संवाद