मेडिकल कॉलेज में मरीज की आंखों की जांच करते चिकित्सक। संवाद
सर्दी के मौसम में आंखों के ऑपरेशन को सुरक्षित और बेहतर मानते हुए लोग बड़ी संख्या में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले तीन महीनों में करीब 120 मरीजों का मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग के डॉक्टरों के अनुसार सर्दियों में वातावरण अपेक्षाकृत स्वच्छ और ठंडा रहता है, जिससे संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। साथ ही ऑपरेशन के बाद घाव जल्दी भरता है और मरीज को कम परेशानी होती है।
नेत्र सर्जन डॉ. हेमंत यादव ने बताया कि अधिकतर मरीज धुंधला दिखाई देने, आंखों में जलन, रोशनी में परेशानी और रात के समय देखने में दिक्कत जैसी शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। समय पर जांच और उपचार से मरीजों की दृष्टि में सुधार हो रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लापरवाही न करें और तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लें।
मोतियाबिंद सर्जरी के बाद बरतें सावधानी :
- धूल, धुआं और प्रदूषण से दूर रहें।
- आंखों में पानी, साबुन या शैंपू जाने से बचाएं।
- टीवी, मोबाइल और कंप्यूटर का उपयोग सीमित रखें।
- आंखों को किसी भी प्रकार की चोट, रगड़ या दबाव से बचाएं।